केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट पहुंचे बीजेपी नेता स्व. वीरेंद्र सिंह सामंती के घर,कहा पार्टी ने खोया एक सच्चा सिपाही
Summary
रुद्रपुर भारत सरकार के केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंडी अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह सामंती की अकस्मात मृत्यु के बाद उनके आवास पर पहुंचे। केंद्रीय मंत्री ने वीरेंद्र सिंह सामंती […]
रुद्रपुर
भारत सरकार के केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंडी अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह सामंती की अकस्मात मृत्यु के बाद उनके आवास पर पहुंचे। केंद्रीय मंत्री ने वीरेंद्र सिंह सामंती के पिता से मिलकर उनका हालचाल जाना और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी ।

दरअसल पूर्व मंडी अध्यक्ष बीजेपी नेता वीरेंद्र सिंह सामंती का निधन पंजाब के बटाला में एक सड़क दुर्घटना में हो गया था। जिसकी सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से परिजनों और शहर के लोगों को मिली थी । इसके बाद तुरंत रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यक्रम को छोड़कर वीरेंद्र सिंह सामंती के मृत शरीर को लेने पंजाब प्रांत के बटाला के लिए रवाना हो गए थे। स्वर्गीय सामंती रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल के काफी करीबी माने जाते थे। साथ ही भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने में उनका अहम योगदान माना जाता है । वीरेंद्र सिंह सामंती अपनी मजबूत युवा टीम के साथ हर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को विजय श्री दिलवाने का काम करते रहे थे।

मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि स्वर्गीय सामंती जैसे जुझारू कार्यकर्ता का चला जाना पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति है। जिसे पूरा करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि वीरेंद्र सिंह सामंती ने उनके चुनाव के दौरान भी बहुत मेहनत की थी। साथ ही उन्होंने कहा कि वह उनके परिवार के साथ व्यक्तिगत तौर पर हमेशा जुड़े रहेंगे। केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट के साथ रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल, जिला अध्यक्ष शिव अरोरा, उत्तराखंड वन विकास निगम अध्यक्ष सुरेश परिहार , सांसद प्रतिनिधि विपिन जल्होत्रा, वरिष्ठ बीजेपी नेता विकास शर्मा, मेयर रामपाल सिंह,सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


